फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र स्थित एक निजी नर्सिंग होम में आधा दर्जन से अधिक युवकों द्वारा जमकर हंगामा किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में युवक गालीगलौज करते हुए अस्पताल कर्मियों को धमकाते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, अचानक कई युवक नर्सिंग होम पहुंच गए और वहां मौजूद स्टाफ के साथ अभद्रता करने लगे। आरोप है कि युवकों ने अस्पताल परिसर में खड़ी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मरीजों व तीमारदारों में दहशत फैल गई।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि युवकों ने दबंगई दिखाते हुए अस्पताल में काफी देर तक हंगामा किया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में युवक खुलेआम धमकी देते दिखाई पड़ रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। थाना पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर जांच-पड़ताल की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवकों की पहचान करने में जुटी हुई है।






