नरसिंह मौर्य असोथर फतेहपुर
असोथर थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक महिला के घर के बाहर रखी पान की गुमटी से 450 ग्राम हरा गांजा बरामद किया है। आरोपी महिला को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर निजी मुचलके में छोड़ दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, उप निरीक्षक प्रदीप शर्मा मय हमराह टीम उप निरीक्षक रामाशीष यादव, महिला आरक्षी ममता राय आदि के साथ थाना क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि ग्राम कुसुंभी निवासी एक महिला अपने घर से गांजे की बिक्री कर रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो घर के बाहर पान की गुमटी के पास बैठी एक महिला दिखाई दी। पूछताछ में उसने अपना नाम शकुन्तला देवी पत्नी स्व. रामबाबू लोधी निवासी ग्राम कुसुंभी थाना असोथर, फतेहपुर बताया। तलाशी के दौरान महिला के पास रखे एक पॉलीथिन बैग से 450 ग्राम हरा गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि शकुन्तला देवी के पान की गुमटी से गांजा बेचने की शिकायत पहले भी मिल चुकी थी। तलाशी के दौरान बरामद गांजा का वजन 450 ग्राम पाया गया, जिसमें से 50 ग्राम नमूना लेकर सील किया गया और शेष 400 ग्राम गांजा को सुरक्षित किया गया। मौके से बरामद गांजा का मूल्य लगभग 20 हजार रुपये बताया जा रहा है। महिला को गिरफ्तार कर थाना लाकर उसके खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। थाना प्रभारी अभिलाष तिवारी ने बताया कि 450 ग्राम हरे गांजे के साथ महिला को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और खरीद करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






