फतेहपुर जिले के थाना हुसैनगंज पुलिस ने 17 अक्टूबर को हुई लूट व हत्या की सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस घटना में शामिल आरोपी मेवालाल प्रजापति पुत्र स्व. रामदुलारे (उम्र 30 वर्ष), निवासी ग्राम जमरांवा, थाना हुसैनगंज को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया ई-रिक्शा (नं. UP71BT7210) और हत्या में प्रयुक्त नुकीला पेचकस (आला कत्ल) बरामद किया है।
यह घटना ग्राम देवरानार निवासीn बाबूराम निषाद (उम्र 65 वर्ष) की तहरीर पर 17 अक्टूबर 2025 को दर्ज हुआ था। उन्होंने बताया था कि उनके भतीजे नीरज निषाद (उम्र 26 वर्ष) की हत्या कर शव को रहीमाल बाबा मंदिर के पास नहर में छिपाया गया और उसकी ई-रिक्शा लूट ली गई। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने इलेक्ट्रॉनिक व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की और 20 अक्टूबर की शाम करीब 7:40 बजे ग्राम लालीपुर तिराहा से गिरफ्तार कर लिया।आरोपी की निशानदेही पर न केवल लूटा गया रिक्शा बल्कि हत्या में प्रयुक्त लोहे का नुकीला पेचकस भी बरामद किया गया।पुलिस ने मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी करते हुए आरोपी को 21 अक्टूबर 2025 को न्यायालय में पेश कर दिया है।






