फतेहपुर। जिले के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के सीतापुर गांव में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार गांव निवासी राम खिलावन ने पारिवारिक कलह के चलते अपने बेटे अवनीश पटेल और बहू मनीषा उर्फ प्रियंका को लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी।
गोली लगने से पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिवार और गांव में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में दोनों घायलों को उपचार के लिए पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर चांदनी नर्सिंग होम, कानपुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बिंदकी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी पिता की तलाश तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को घटना का कारण बताया जा रहा है।
फिलहाल दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज कानपुर में चल रहा है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।






