फतेहपुर | डिजिटल डेस्क
फतेहपुर जिले में आज उस समय खास माहौल देखने को मिला, जब बनारस से पुणे (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) के लिए रवाना हुई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन जिले में पहुंची। इस दौरान राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष व पूर्व सांसद साध्वी निरंजन ज्योति ने जनप्रतिनिधियों के साथ ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर स्वागत किया। इससे पहले इस ट्रेन को बनारस से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रवाना किया था।
साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि फतेहपुर से पुणे जाने वाले यात्रियों को अब बड़ी राहत मिलेगी। पहले लोगों—खासकर छात्रों, मजदूरों और कामकाजी वर्ग—को यात्रा में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब यह ट्रेन फतेहपुर में रुकते हुए सीधे पुणे तक जाएगी। उन्होंने इसे आम जनता के लिए बेहद सुविधाजनक पहल बताया।
बंगाल चुनाव पर दिया बड़ा बयान
इस मौके पर उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और यहां जनता को अपनी पसंद की सरकार चुनने का पूरा अधिकार है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता से अपील की कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर ऐसी सरकार चुनें जो राज्य के विकास को प्राथमिकता दे।
चुनाव आयोग पर लग रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने विपक्ष को नसीहत दी। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाना उचित नहीं है। यदि किसी दल ने अच्छा काम किया है तो उसे जनता के बीच जाकर अपने कार्यों के आधार पर वोट मांगना चाहिए। संस्थाओं पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए सही नहीं है।
ऑब्जर्वर नियुक्ति और वायरल वीडियो से जुड़े सवालों पर उन्होंने कहा कि अधिसूचना लागू होने के बाद चुनाव कराना पूरी तरह निर्वाचन आयोग का अधिकार और जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम आने से पहले ही घबराहट दिखना ठीक संकेत नहीं है।
साध्वी निरंजन ज्योति ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में जिस तरह की परिस्थितियां रही हैं, वहां की जनता इस बार जरूर जवाब देगी। उन्होंने दोहराया कि लोकतंत्र में कुछ संस्थाएं ऐसी होती हैं, जिनकी गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।






