फतेहपुर जिले में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मलवा विकासखंड के पनई इनायतपुर गांव में खाद गड्ढे की सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, उक्त जमीन ग्राम सभा की खाद गड्ढे के रूप में दर्ज थी, जिस पर कुछ लोगों द्वारा निर्माण कर अवैध कब्जा कर लिया गया था। मामले की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आया और जांच के बाद कार्रवाई का निर्णय लिया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुलडोजर से अवैध निर्माण को गिराया गया। जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई, अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे अवैध कब्जा न करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
यह कार्रवाई जिले में अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा मानी जा रही है, जिससे साफ संकेत मिल रहा है कि अब प्रशासन किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा।






