फतेहपुर में बकरीद से पहले सोशल मीडिया पर की गई एक विवादित पोस्ट को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ललौली थाना क्षेत्र में गुफरान और जैनुल अब्दीन नाम के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि दोनों ने सोशल मीडिया पर ऐसी पोस्ट साझा की थी, जिससे माहौल बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई थी।
बताया जा रहा है कि पोस्ट में कुर्बानी का जिक्र करते हुए गोवंश की तस्वीर लगाई गई थी। पोस्ट वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने कड़ी नाराजगी जताई और पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही विवादित पोस्ट से जुड़े दोनों मोबाइल फोन भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
एसपी फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने जनपदवासियों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ या विवादित सामग्री साझा न करें, ताकि जिले में शांति व्यवस्था बनी रहे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।






