फतेहपुर जिले की पूर्व सांसद व केंद्रीय मंत्री रही साध्वी निरंजन ज्योति के राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग (NCBC) का अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद आज पहली बार जनपद आगमन पर जिलेभर में भव्य स्वागत कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला।
जहानाबाद में नगर पंचायत अध्यक्ष सै. आबिद हसन ने अपने समर्थकों के साथ फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पूरे कस्बे में स्वागत की भव्य तैयारियां की गई थीं और जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए थे।
पार्टी के जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव और पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा ने स्वागत कार्यक्रमों की कमान संभाल रखी थी। चिल्ली मोड़, जहानाबाद बस स्टॉप, तेजानगर, बकेवर और खजुहा समेत कई स्थानों पर हजारों की संख्या में समर्थक जुटे और काफिले का गर्मजोशी से स्वागत किया।
हर स्थान पर समर्थकों ने फूल बरसाकर और जयकारों के साथ उनका अभिनंदन किया। पूरे मार्ग में उत्साह का माहौल बना रहा और काफिला जहां-जहां से गुजरा, वहां भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
बताया जा रहा है कि साध्वी निरंजन ज्योति का काफिला शाम करीब 4 बजे तक फतेहपुर जिला मुख्यालय पहुंचने की उम्मीद है, जहां एक बड़े स्वागत कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित है।
उनके इस दौरे को संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा के रूप में देखा जा रहा है।







