फतेहपुर में योगी सरकार के महिला सशक्तिकरण अभियान को और मजबूती देने के लिए मिशन शक्ति के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सदर कोतवाली क्षेत्र के पटेल नगर चौराहे पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी रवींद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की।
इस दौरान अधिकारियों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं और युवतियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अभियान के तहत महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई और महिलाओं से जुड़े आपराधिक मामलों में तुरंत शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि किसी भी आपात स्थिति में बिना डर के पुलिस की मदद लें। साथ ही समाज में महिलाओं के प्रति सम्मानजनक माहौल बनाने की अपील भी की गई।
इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और महिलाएं मौजूद रहीं, जिन्होंने इस पहल की सराहना की।







