नरसिंह मौर्य असोथर फतेहपुर
थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रिठवां में बीसी प्वाइंट चलाने वाले एक व्यक्ति के खाते में साइबर फ्रॉड से जुड़ी रकम डलवाकर दो युवकों ने ठगी कर ली। मामला सामने आने पर खाते को बैंक ने होल्ड कर दिया। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रिठवां निवासी रूपा देवी पत्नी राजबिन्दु ने थाना असोथर में तहरीर देकर बताया कि उनके पति राजबिन्दु पुत्र रामनारायण ग्राम में बीसी प्वाइंट संचालित करते हैं। दिनांक 1 नवंबर 2025 को ग्राम बेरूई निवासी उमेश पुत्र शिवराज तथा राजकरन पुत्र श्यामपाल पासी उनके प्वाइंट पर आए और बोले कि “उमेश की बहन की तबियत बहुत खराब है, हमें तत्काल कुछ पैसों की जरूरत है। हम आपके अकाउंट में UPI से पैसे डलवा रहे हैं, आप हमें कैश दे दीजिए।”
उनकी बातों पर भरोसा करते हुए राजबिन्दु ने पैसे दे दिए। आरोप है कि राजकरन ने पहले प्रार्थीनी के खाते में ₹17,170 और कुछ देर बाद ₹4,000 रुपये भेजे। इसके बाद प्रार्थीनी के पति ने दोनों को उक्त राशि नकद दे दी। अगले दिन जब राजबिन्दु बैंक गए तो बैंक कर्मियों ने बताया कि उनका खाता साइबर फ्रॉड से संबंधित ट्रांजैक्शन में आया है, जिसके चलते खाता होल्ड कर दिया गया है।
इस पर पीड़िता रूपा देवी ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों उमेश और राजकरन के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी अभिलाष तिवारी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा जांच उपनिरीक्षक वीर सिंह को सौंपी गई है। जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।






