Sonam Wangchuk Hunger Strike: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे प्रसिद्ध पर्यावरणविद सोनम वांगचुक से अपना अनशन समाप्त करने का आग्रह किया है। सोनम वांगचुक की लगातार बिगड़ती सेहत को देखते हुए सपा प्रमुख ने गहरी चिंता व्यक्त की है। इस दौरान अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सरकार असंवेदनशील और अहंकार में चूर है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर की भावुक अपील
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट लिखकर सोनम वांगचुक से अपना अनशन तोड़ने की सविनय अपील की है। उन्होंने लिखा कि सोनम वांगचुक का जीवन पूरे विश्व के लिए बेहद अनमोल है क्योंकि वे मानवता पर्यावरण और लोकतंत्र के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। अखिलेश ने कहा कि जिस सरकार को जगाने के लिए वे आमरण अनशन कर रहे हैं वह पूरी तरह सिद्धांतहीन और भ्रष्ट तंत्र बन चुकी है। ऐसी सरकार से किसी के त्याग की कद्र करने या हृदय परिवर्तन की उम्मीद करना बिल्कुल व्यर्थ है।
‘सत्ता के लालच में मंदिर तक लूट रहे हैं‘
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने आगे कहा कि भाजपाइयों के लिए किसी इंसान के जीवन की कोई कीमत नहीं है। उनके लिए केवल धन और सत्ता ही सबसे प्रधान है। भ्रष्टाचार से कमाए पैसे के घमंड में चूर भाजपा नेताओं से बदलाव की कोई आशा नहीं की जा सकती क्योंकि, जिनमें अहंकार होता है उनमें कोई सुधार नहीं होता। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग सत्ता के लालच में मंदिर तक को लूट ले रहे हैं वे सत्याग्रह का असली महत्व कभी नहीं समझ सकते। उन्हें युवाओं और उनके माता-पिता के सपनों से कोई लेना-देना नहीं है।
देशवासियों के लिए प्रकाश स्तंभ बनें वांगचुक
अपने बयान के अंत में अखिलेश यादव ने सोनम वांगचुक से आग्रह किया कि वे नकारात्मक ताकतों के खिलाफ लड़ाई में देशवासियों युवाओं और पर्यावरण के रक्षकों के लिए हमेशा एक प्रकाश स्तंभ बने रहें। उन्होंने भाजपा को लोकतंत्र का गला घोंटने वाली महापापी और अधर्मी पार्टी करार देते हुए कहा कि ऐसी ताकतों और उनके गिरोह को हमेशा के लिए हराने के लिए वांगचुक का जीवित रहना बेहद जरूरी है ताकि उनका मनोबल हर सच्चे भारतीय की प्रेरणा बन सके।
आपको बता दें कि NEET पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सोनम वांगचुक दिल्ली के जंतर मंतर पर 28 जून से भूख हड़ताल पर हैं। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ चल रहे इस विरोध प्रदर्शन और अनशन का आज 17वां दिन है। लगातार भूखे रहने के कारण सोनम वांगचुक की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी है। अब सीजेपी के समर्थक और विपक्षी दल उनसे तुरंत अनशन खत्म करने की अपील कर रहे हैं।






