नरसिंह मौर्य असोथर फतेहपुर

नगर पंचायत असोथर क्षेत्र में शुक्रवार को करवाचौथ का पर्व बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। नवविवाहित महिलाओं सहित सभी विवाहित महिलाओं ने दिनभर निर्जला उपवास रखकर अपने पति की दीर्घायु और सुखमय जीवन की कामना की। शाम होते ही महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर पूजा थाल सजाया और गीत-संगीत के बीच करवामाता की विधिवत पूजा-अर्चना की।
जैसे ही आसमान में चांद की पहली झलक दिखाई दी, वैसे ही छतों और आंगनों में महिलाओं का समूह उमड़ पड़ा। चांद को छलनी से देखकर अर्घ्य अर्पित किया गया, और फिर पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत तोड़ा। इस दौरान हर घर का नजारा पारंपरिक रौनक से भरा दिखा।
नवविवाहित महिलाओं में करवाचौथ का विशेष उत्साह देखा गया। हाथों में सजी मेहंदी और लाल परिधान में सजी दुल्हन जैसी महिलाएं पूरे दिन उपवास रखकर शाम को पूजा-अर्चना में लीन रहीं। नगर के विभिन्न मोहल्लों में करवाचौथ की गीत गूंजते रहे और महिलाओं ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
असोथर क्षेत्र के बाजारों में भी करवाचौथ से पहले रौनक देखने को मिली। सुहाग सामग्री, साड़ी, मेहंदी और ब्यूटी पार्लर में महिलाओं की भीड़ लगी रही। त्योहार ने पूरे नगर का माहौल उत्सवमय बना दिया।






