फतेहपुर। मुराइन टोला स्थित हनुमान मंदिर परिसर में शैलेन्द्र साहित्य सरोवर के बैनर तले 447वीं साप्ताहिक रविवासरीय सरस काव्य गोष्ठी का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता के.पी. सिंह कछवाह ने की, जबकि संचालन शैलेन्द्र कुमार द्विवेदी ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में मंदिर के पुजारी विजय कुमार शुक्ल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना से हुआ। अध्यक्ष के.पी. सिंह कछवाह ने वाणी वंदना प्रस्तुत करते हुए मां सरस्वती का आह्वान किया और कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को नमन करते हुए उनकी वीरता का गुणगान किया।
डॉ. सत्य नारायण मिश्र ने अपने छंद में वर्तमान समय में बढ़ती हिंसा और मानवता के संकट पर चिंता व्यक्त की। प्रदीप कुमार गौड़ ने गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि गुरु त्रिदेव के समान पूजनीय हैं और उनकी आज्ञा का पालन ही जीवन का सर्वोत्तम मार्ग है।
डॉ. शिव सागर साहू ने कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को राष्ट्र का गौरव बताया। वहीं कार्यक्रम के आयोजक एवं संचालक शैलेन्द्र कुमार द्विवेदी ने अपने मुक्तक के माध्यम से प्रेम और जीवन के भावों को अभिव्यक्त किया तथा कारगिल विजय दिवस पर शहीदों के अद्वितीय बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम के समापन पर मंदिर के पुजारी विजय कुमार शुक्ल ने सभी साहित्यकारों को आशीर्वाद प्रदान किया। अंत में आयोजक शैलेन्द्र कुमार द्विवेदी ने सभी अतिथियों, कवियों एवं उपस्थित श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
Trending Now
हनुमान मंदिर में शैलेन्द्र साहित्य सरोवर की 447वीं साप्ताहिक काव्य गोष्ठी संपन्न, कारगिल विजय दिवस और गुरु महिमा पर गूंजे काव्य स्वर
👁 19.2K views






