फतेहपुर- असोथर थाना क्षेत्र के घनघौल गांव में एक मुंडन कार्यक्रम के दौरान देर रात तक बार बालाओं का अश्लील डांस कराए जाने का मामला सामने आया है। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मंच पर बार बालाएं डीजे की धुन पर डांस करती दिखाई दे रही हैं। वहीं कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ भी जुटी नजर आ रही है। हालांकि समाचार पत्र वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
जानकारी के अनुसार, गांव में आयोजित एक मुंडन कार्यक्रम में देर रात तक डीजे और डांस का आयोजन किया गया। वायरल वीडियो में खुलेआम अश्लील गानों पर डांस होता दिखाई दे रहा है। इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि बिना अनुमति और नियमों की अनदेखी कर देर रात तक कार्यक्रम चलाया गया, जिससे कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर इतनी देर रात तक कार्यक्रम चलने के बावजूद स्थानीय पुलिस और प्रशासन को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने मामले में कार्रवाई की मांग उठाई है।
वहीं थाना प्रभारी रमाशंकर सरोज ने बताया कि वायरल वीडियो संज्ञान में आया है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






