असोथर/फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के पुर बुजुर्ग गांव के तिराहे पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी बाल-बाल बच गईं। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार पुर बुजुर्ग गांव निवासी शिक्षक शीतल पाल उर्फ लल्ली (55) अपनी पत्नी सुनीता (47) को मोटरसाइकिल से हंसवा ब्लॉक स्थित स्वास्थ्य केंद्र छोड़ने जा रहे थे। सुनीता एएनएम पद पर तैनात हैं। बताया गया कि सुबह करीब आठ बजे दोनों घर से फतेहपुर की ओर निकले थे। इसी दौरान गांव के तिराहे पर विजयीपुर से असोथर की तरफ जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल उछलकर सड़क किनारे नाले में जा गिरी और दोनों पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े। हादसे में शिक्षक शीतल पाल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी को मामूली चोटें आईं। घायल शिक्षक डॉ. राममनोहर लोहिया इंटर कॉलेज, कौंडर के प्रिंसिपल बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस ने घायल शिक्षक को अपने वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असोथर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल सदर रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
थाना प्रभारी रमाशंकर सरोज ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






