बच्चों की पढ़ाई के लिए कानपुर में रह रही महिला का आरोप – गांव में बंद पड़े घर को जेसीबी से गिराया, विरोध पर दी जान से मारने की धमकी

फतेहपुर। जिले में दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुरानी रंजिश के चलते कथित दबंगों ने एक महिला का दो मंजिला पक्का मकान गिराकर लाखों रुपये का सामान ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर उठा ले जाने का आरोप है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
थाना कल्याणपुर क्षेत्र के गांव रेवरी खुर्द निवासी शशि देवी, पत्नी स्व. संजय कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके पति थल सेना में हवलदार पद पर तैनात थे। वर्तमान में वह बच्चों की शिक्षा-दीक्षा के लिए कानपुर में रह रही हैं।
गांव में उनका एक पैतृक दो मंजिला पक्का मकान है, जो बंद पड़ा था। आरोप है कि 25 फरवरी 2026 को सुबह करीब 10 बजे गांव के ही कुछ दबंग लोग जेसीबी मशीन लेकर पहुंचे और मकान को गिरा दिया।
किन पर लगे आरोप?
शिकायत के अनुसार, सरजू सिंह, उनके चचेरे भाई करन सिंह, फतेहबहादुर सिंह तथा करन सिंह के पुत्र सहित अन्य लोगों ने जेसीबी से मकान ढहा दिया। आरोप है कि घर में रखा करीब 5 लाख रुपये का सामान, बर्तन व अन्य गृहस्थी का सामान ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ले जाया गया।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि जब उनके देवर इकबाल सिंह मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने राइफल तानकर धमकाया और कहा कि “यह मकान मेरा है, नेतागिरी करोगे तो जान से मार देंगे।”
ग्रामीणों में दहशत, पुलिस पहुंची मौके पर
शिकायत में बताया गया है कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी मकान गिराकर सामान लेकर जा चुके थे। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और गांव में उनका खौफ है।
एसपी से न्याय की गुहार
पीड़िता शशि देवी ने पुलिस अधीक्षक से प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा है कि उनके परिवार को जान का खतरा है और उन्हें न्याय दिलाया जाए।








