फतेहपुर। जिले के बिंदकी कस्बे में गुरुवार को एक फास्ट फूड की दुकान में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पास की एक और दुकान भी इसकी चपेट में आ गई। घटना में दोनों दुकानों का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।
जानकारी के अनुसार बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के पहुर तिराहे पर स्थित एक फास्ट फूड की दुकान में अचानक आग लग गई। आशंका जताई जा रही है कि दुकान में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग भड़की। आग लगने के बाद दुकान में रखा गैस सिलेंडर भी तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे आग और ज्यादा फैल गई।
आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि तब तक आग की चपेट में आकर फास्ट फूड की दुकान और बगल की दूसरी दुकान का सारा सामान जलकर राख हो चुका था। घटना में दोनों दुकानदारों को करीब 5 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस और फायर विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।








