फतेहपुर के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में फसल और संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पिता ने अपनी ही लाइसेंसी दुनाली बंदूक से बेटे और बहू पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में गंभीर रूप से घायल बेटे की कानपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बहू की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। वारदात के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हैं।
फतेहपुर जनपद के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के सीतापुर गांव में फसल और संपत्ति के बंटवारे को लेकर एक परिवार में चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पिता रामखेलावन पटेल ने अपनी लाइसेंसी दुनाली बंदूक से बेटे अवनीश पटेल और बहू मनीषा पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन दोनों घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर कानपुर के रीजेंसी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां इलाज के दौरान अवनीश पटेल की मौत हो गई। वहीं बहू मनीषा का ऑपरेशन कर डॉक्टरों ने उसके पेट से गोली निकाल दी है, लेकिन उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रामखेलावन पटेल साइकिल से मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी की लाइसेंसी बंदूक बरामद कर ली है तथा उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने आरोपी के शस्त्र लाइसेंस को निरस्त कराने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है। पूरे गांव में इस घटना के बाद शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।







