संवाददाता आलोक तिवारी
मथुरा -सत्ता के खिलाफ बगावत कर सुर्खियों में आए अलंकार ने अब वृंदावन की धरती से नई राजनीतिक पार्टी तैयार करने की घोषणा कर दी है। पार्टी लॉन्च नहीं हुई है, लेकिन संगठन खड़ा करने की बात ने प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज कर दी है।
बगावत के दिन विपक्ष ने इसे सत्ता के खिलाफ बड़ी दरार मानकर राहत की सांस ली थी। मगर अब हालात बदलते दिख रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यदि अलंकार सचमुच नया संगठन खड़ा करने में सफल होते हैं तो यह सत्ता से ज्यादा विपक्ष के परंपरागत वोट बैंक में सेंध साबित हो सकता है। यानी जिस खुशी में पटाखे फूटे थे, अब वहीं सन्नाटा पसरता नजर आ रहा है।
वृंदावन से घोषणा को महज संयोग नहीं माना जा रहा। धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीक वाले इस क्षेत्र से संदेश देकर भावनात्मक राजनीति की जमीन तैयार करने का प्रयास साफ दिखता है। सवाल यह है कि यह जमीन जनाधार में बदलेगी या सिर्फ मंचीय घोषणाओं तक सीमित रह जाएगी?
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि नई पार्टी बनाने की घोषणा करना आसान है, लेकिन बूथ स्तर तक संगठन खड़ा करना असली परीक्षा होती है। संसाधन, कार्यकर्ता, स्पष्ट विचारधारा और मजबूत नेतृत्व—इन चार स्तंभों के बिना कोई भी राजनीतिक प्रयोग ज्यादा दूर नहीं चलता। प्रदेश में पहले भी कई चेहरे जोश के साथ उतरे, पर चुनावी रण में हवा निकल गई।
सत्ता पक्ष फिलहाल प्रतीक्षा की मुद्रा में है, लेकिन विपक्ष की रणनीति पर दबाव साफ दिख रहा है। यदि अलंकार क्षेत्रीय असंतोष, युवा नाराजगी और स्थानीय मुद्दों को धार देते हैं, तो चुनावी गणित उलझ सकता है।
अब नजर इस बात पर है कि यह घोषणा केवल दबाव की राजनीति है या सचमुच एक नए राजनीतिक अध्याय की प्रस्तावना। फिलहाल इतना तय है कि बगावत की चिंगारी ने सियासी बिसात पर नई चाल चल दी है—और कुछ चेहरों की मुस्कान सचमुच फीकी पड़ गई है।








