फतेहपुर। शहर स्थित बचपन प्ले स्कूल में मदर्स डे के अवसर पर हर्षोल्लास एवं भावनात्मक माहौल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों एवं उनकी माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर इस खास दिन को यादगार बना दिया। पूरे विद्यालय परिसर में खुशी, उत्साह और पारिवारिक स्नेह का वातावरण देखने को मिला।
समारोह के दौरान बच्चों और माताओं के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल, आकर्षक गतिविधियों तथा फन-फायर कुकिंग एक्टिविटी का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में माताओं और बच्चों ने मिलकर सहभागिता की, जिससे कार्यक्रम और भी रोचक बन गया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या करिश्मा सिंह ने सभी माताओं को मदर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माँ बच्चे की प्रथम गुरु होती है। उनका स्नेह, त्याग और संस्कार ही समाज की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में माताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी माताओं को सम्मानित किया गया तथा जलपान की व्यवस्था भी की गई। समारोह को सफल बनाने में अध्यापिकाएं श्रेया गुप्ता, निकिता अग्निहोत्री, जानवी गुप्ता, साधना तिवारी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।






