फतेहपुर के राधानगर थाना क्षेत्र के रमवां पंथुवा गांव में बारात देखने गए 14 वर्षीय किशोर पर पुरानी रंजिश के चलते लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में गंभीर चोट आई है और हाथ का पंजा भी टूट गया। घायल किशोर को 112 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि किशोर बारात देखने गया था, तभी पहले से रंजिश रखने वाले लोगों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिजनों का कहना है कि घटना की सूचना राधानगर पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस ने अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया। परिवार का आरोप है कि पुलिस आरोपियों को थाने बुलाकर छोड़ देती है और मामले में लेन-देन कर कार्रवाई को टाल रही है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पीड़ित परिवार का यह भी दावा है कि आरोपी लगातार उनके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है।
न्याय की मांग को लेकर परिजनों ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने, निष्पक्ष कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। अब सभी की नजर पुलिस अधीक्षक के निर्देश और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।






