बिन्दकी/फतेहपुर। जिले के बिन्दकी कस्बे में एक शादी समारोह उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गया जब छींटाकशी के दौरान अचानक गोली चल गई और दूल्हे को जा लगी। गोली लगने से बारात में हड़कंप मच गया और परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर दौड़े।
जानकारी के अनुसार, मटौंध थाना क्षेत्र (जनपद बांदा) से बारात बिन्दकी कस्बे के फरीदपुर मोड़ स्थित एस एस गार्डन में आई थी। जयमाल कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर बारातियों के बीच कहासुनी और छींटाकशी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और किसी ने फायरिंग कर दी। चली गोली दूल्हे रवि प्रताप सिंह को जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन और बाराती घायल को तत्काल सीएचसी बिन्दकी लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि हैलेट अस्पताल में उपचार के बाद रवि प्रताप सिंह की हालत में अब सुधार हो रहा है।
इधर सूचना मिलते ही बिन्दकी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही बारातियों और आयोजन से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। फायरिंग किसने की और किन परिस्थितियों में गोली चली, इसे लेकर पुलिस जांच में जुटी है।
घटना के बाद शादी समारोह का माहौल पूरी तरह से गमगीन हो गया। क्षेत्र में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।








