फतेहपुर। यूपी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पद पर मनोनीत किए जाने के बाद नारायन बाबू गुप्ता के नगर आगमन पर व्यापारियों एवं पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। शहर के कैंप कार्यालय चौक में आयोजित स्वागत समारोह में अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव विनोद गुप्ता एवं युवा प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र शरण सिंपल की अगुवाई में पदाधिकारियों ने बैज, पटका, माला एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा मिष्ठान खिलाकर खुशी जताई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रधान महासचिव विनोद गुप्ता ने कहा कि यूपी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह द्वारा नारायन बाबू गुप्ता को जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपना जनपद के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि नारायन बाबू इस जिम्मेदारी पर पूरी तरह खरे उतरेंगे और जिले के उद्यमियों एवं व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्य करेंगे।
युवा प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र शरण सिंपल ने कहा कि परिषद के जिला पदाधिकारी को इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलना सभी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नारायन बाबू गुप्ता उद्यमियों के मान-सम्मान एवं स्वाभिमान की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे।
वहीं परिषद के जिलाध्यक्ष अरुण जायसवाल ने बधाई देते हुए कहा कि नारायन बाबू गुप्ता एक जुझारू एवं संघर्षशील व्यक्तित्व के धनी हैं, जो हमेशा व्यापारियों के हितों के लिए आवाज उठाते रहे हैं। उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसका वह पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगे।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रज्जन गुप्ता, सुशील गुप्ता फौजी, बद्री गुप्ता, संजय जौहरी, दीपक साहू, राजू मोदनवाल, मनीष गुप्ता, आशीष अग्रहरि एवं मनोज सोनी सहित कई व्यापारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।






