बिहार चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर दिल्ली में तेजस्वी यादव की कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी से होने वाली मुलाकात पर समाजवादी पार्टी की प्रतिक्रिया सामने आई है। सपा नेता फखरुल हसन चांद ने कहा कि गठबंधन में सीट बंटवारे पर लगातार बातचीत चल रही है। इंडिया गठबंधन बिहार में सरकार बनाने जा रहा है।आईएएनएस से बातचीत में सपा नेता ने सीट बंटवारे को लेकर कहा कि हम किसी भी अनसुलझे मुद्दे को छोड़ना नहीं चाहते। आज सीट बंटवारे पर बैठक हो रही है। हम जल्द ही सीट बंटवारा कर लेंगे।
‘भाजपा अपने सहयोगियों का सम्मान नहीं करती’
एनडीए पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जब वहां टिकट का बंटवारा होगा तो बिखराव देखने को मिलेगा। इंडिया गठबंधन मजबूती से बिहार चुनाव लड़ेगा और इस बार हमारी सरकार बनेगी। सुभासपा के बिहार चुनाव लड़ने पर सपा नेता ने कहा कि यह कोई पहली बार नहीं है। सुभासपा यूपी में कई बार अकेले चुनाव लड़ चुकी है। उन्हें गठबंधन में अलग-थलग कर दिया जाता है। बिहार में भी उन्हें अलग कर दिया गया है। ओम प्रकाश राजभर को यूपी में सीटें नहीं मिल रही हैं, जहां उनके पुत्र हार रहे हैं। सपा समझती है कि वे भाजपा गठबंधन में हैं। उनके गठबंधन में क्या हो रहा है, इससे हमारा कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा अपने सहयोगियों का सम्मान नहीं करती।
‘ओवैसी किसके लिए चुनाव लड़ रहे हैं?’
असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के बिहार चुनाव में उतरने पर सपा नेता फखरुल हसन चांद ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने और चुनाव लड़ने का अधिकार है। सवाल यह है कि वे किन सीटों पर लड़ रहे हैं और क्या उनका मकसद किसी और की मदद करना है। अगर वे बड़ी पार्टी हैं तो चुनिंदा सीटों पर ही क्यों लड़ते हैं? क्या वे किसी और के लिए चुनाव लड़ रहे हैं?
सपा नेता ने उठाया बड़ा सवाल
कोल्ड्रिफ कफ सिरप पर दिल्ली सरकार की ओर से लगाए गए प्रतिबंध पर उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठते रहे हैं। यूपी में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बदहाल है। मध्य प्रदेश में बच्चों की मौत के मामले में सपा जांच की मांग करती है।
रायबरेली में पीटकर मारे गए हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुलाकात पर सपा नेता ने कहा कि दलितों पर हो रहे अत्याचार किसी से छिपे नहीं हैं। दलित समाज इंडिया गठबंधन की ओर देख रहा है। भाजपा के शासन में यूपी में मजदूर से लेकर सांसद तक दलितों पर अत्याचार देख रहे हैं। भाजपा घटनाओं के बाद केवल खानापूर्ति करती है। यूपी में महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं।
डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा को मानने वाले लोग आज उन्हें याद कर रहे हैं। लोकतंत्र खतरे में है और भाजपा इसे कमजोर करने में लगी है। लोहिया की विचारधारा हमें ताकत देती है।








