लखनऊ। आज राजधानी लखनऊ में संगठन की प्रथम प्रादेशिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन प्रमुख शिवम स्वरूप श्रीवास्तव, संगठन महामंत्री धर्मेंद्र सिंह जनसेवक, महामंत्री आशीष त्रिपाठी, उपाध्यक्ष अमित सिंह सिकरवार, जयदीप त्रिवेदी, सूरज, शिवेंद्र श्रीवास्तव, बृज श्रीवास्तव, चारु सिंह सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए सम्मानित जिलाध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं एवं विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। संगठन महामंत्री धर्मेंद्र सिंह जनसेवक ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के युवाओं को संगठित कर उन्हें सामाजिक, लोकतांत्रिक एवं राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए तैयार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। अब युवा अपने अधिकार, सम्मान और व्यवस्थित समाज के निर्माण के लिए अग्रिम पंक्ति में खड़े होकर सकारात्मक योगदान देंगे। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कार्ययोजना बनाने पर भी सहमति बनी।






