फतेहपुर। पूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति की तहसील स्तरीय मासिक बैठक कैप्टन रामराज सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जोरहाट में वायु सेना के विमान दुर्घटना में शहीद हुए स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइंग लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीर खेमाराम तथा दानिश आलम को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभी पूर्व सैनिकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी ने कहा कि फतेहपुर जनपद में प्रथम विश्व युद्ध से लेकर अब तक सैकड़ों वीर सैनिकों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर किए हैं, लेकिन आज तक किसी प्रमुख मार्ग, गांव के प्रवेश द्वार या स्मारक का नाम किसी शहीद के नाम पर नहीं रखा गया। उन्होंने कहा कि जनपद में कीर्ति चक्र सहित अनेक प्रतिष्ठित सैन्य सम्मान प्राप्त सैनिक रहे हैं, फिर भी उनके सम्मान में कोई स्थायी स्मारक नहीं बनाया गया।
उन्होंने कहा कि शहीदों की कुर्बानियों को केवल कुछ दिनों तक याद रखकर भुला देना उचित नहीं है। शहीदों के नाम पर बने स्मारक और सड़कें युवाओं को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देती हैं। पूर्व सैनिक संगठन शीघ्र ही ऐसे वीर सैनिकों के नाम चिन्हित कर शासन-प्रशासन से उनके नाम पर स्मारक और मार्गों के नामकरण की मांग करेगा।
बैठक में शेख खालिद, अर्जुन सिंह, मनीराम सहित अन्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।






