फतेहपुर । उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, फतेहपुर में नारी सशक्तीकरण और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष आयोजन किया गया।
इस पहल के तहत, विद्यालय के दैनिक प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी एक दिन के लिए छात्राओं को सौंपकर उन्हें नेतृत्व का अनुभव प्रदान किया गया। इस विशेष अवसर पर, कक्षा द्वादश (12वीं) की मेधावी छात्रा आस्था त्रिवेदी को कॉलेज का प्रधानाचार्य नियुक्त किया गया।
इसी क्रम में, कक्षा द्वादश (12वीं) की ही छात्रा रिद्धि श्रीवास्तव को महत्त्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यों के लिए इंचार्ज की जिम्मेदारी सौंपी गई। दोनों छात्राओं ने पूरे दिन आत्मविश्वास और कुशलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया और प्रशासनिक प्रक्रिया को बारीकी से समझा, उन्होंने विद्यालय के भैया बहनों एवं आए हुए अभिभावक गणों की समस्याओं को सुना और उसका त्वरित निराकरण भी किया।
विद्यालय के वास्तविक प्रधानाचार्य श्रीमान नरेंद्र सिंह जी ने इस अवसर पर कहा कि “मिशन शक्ति के तहत यह कार्यक्रम छात्राओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया और नेतृत्व कौशल से परिचित कराने का एक सशक्त माध्यम है। हमें पूरा विश्वास है कि हमारी बेटियाँ हर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करेंगी।”
यह आयोजन छात्राओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने और उनमें जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।






