फतेहपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को फतेहपुर में आयोजित जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में “देख सपाई, बिटिया घबराई” जैसी स्थिति थी, लेकिन आज माफियाओं के लिए केवल दो ही जगह बची हैं—जेल या जहन्नुम।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैफई सिंडीकेट ने युवाओं की नौकरियों पर डाका डाला और नकल माफिया को संरक्षण दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि नकल माफिया कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की विरासत हैं, जो आज युवाओं के नाम पर घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही ऐसा कानून ला रही है, जिसके तहत नकल माफिया को 10 साल तक की सजा और ₹10 करोड़ तक के जुर्माने का प्रावधान होगा। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनकी संपत्ति भी जब्त की जाएगी।
उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की सेवाएं भी समाप्त की गईं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की युवाओं के हित में उठाए गए कदमों की भी सराहना की।
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फतेहपुर जनपद को ₹489 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, कानून व्यवस्था और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।






