नरसिंह मौर्य
असोथर (फतेहपुर) असोथर क्षेत्र से होकर गुजर रहे बांदा जिले की मोरम खदानों से निकलने वाले भारी वाहनों ने नगर पंचायत और आसपास की सड़कों को पूरी तरह से जर्जर कर दिया है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में गुजर रहे ओवरलोड ट्रकों और डंपरों के कारण असोथर नगर पंचायत की मुख्य सीसी सड़क में दरारें पड़ गई हैं, जबकि असोथर–कठौता संपर्क मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन जाने से आए दिन स्कूली बच्चे, राहगीर और दोपहिया वाहन सवार गिरकर घायल हो रहे हैं, जिससे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।
असोथर ब्लॉक मुख्यालय से थरियांव होते हुए जिला मुख्यालय को जोड़ने वाला मार्ग भी कई स्थानों पर टूट-फूट और गड्ढों का शिकार हो चुका है। नगर पंचायत की सड़कों पर भारी वाहनों के चलते लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। जाम के कारण एंबुलेंस और स्कूल बसें समय से अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रही हैं। इसी के चलते 12 जनवरी को दोपहर एक गंभीर घायल को एंबुलेंस से अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन असोथर नगर पंचायत के मुख्य बाजार में जाम में एंबुलेंस फंस जाने से देरी हो गई। अस्पताल पहुंचने पर बांदा जिले के मरका थाना क्षेत्र के एक किसान को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद लोगों में भारी रोष है।
भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने इस समस्या को लेकर प्रशासन को चेताया है। थाना प्रभारी निरीक्षक असोथर के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए अपर जिलाधिकारी और खनिज अधिकारी फतेहपुर को अवगत कराते हुए यूनियन ने कहा है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे। इसी क्रम में 19 तारीख, सोमवार को नगर पंचायत के वार्ड नंबर 8 मुराइन मोहल्ला में किसान बैठक आयोजित की जाएगी।
किसानों की मांग है कि सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक बालू और मोरम लदे भारी वाहनों का नगर पंचायत क्षेत्र में प्रवेश पूरी तरह बंद कराया जाए, ताकि बच्चों, राहगीरों, किसानों और एंबुलेंस को राहत मिल सके। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सड़कों की मरम्मत और भारी वाहनों पर रोक नहीं लगी तो किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
इस मौके पर किसान यूनियन अराजनैतिक के ब्लॉक अध्यक्ष सोनू सिंह गौतम, उपाध्यक्ष रविदेव सिंह गौतम एडवोकेट, महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह सहित किसान दीपू मिश्रा, नीरज कुमार, संदीप मौर्य, दुर्गेश कुमार, श्रीकृष्ण मौर्य, बालकृष्ण मौर्य, राज मौर्य, श्याम बाबू समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।








