फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने अपने ऊपर डीजल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने युवक को पकड़कर किसी तरह बचाया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि युवक धाता थाना क्षेत्र के भुरचुनी गांव का रहने वाला है। युवक का आरोप है कि उसने गाड़ी फाइनेंस कराने के मामले में संबंधित फाइनेंस वाले को करीब डेढ़ लाख रुपये दिए थे। इसके बावजूद पिछले करीब आठ महीने से उसका लगभग 1.70 लाख रुपये फंसा हुआ है। युवक का कहना है कि उसने रकम वापस पाने के लिए कई बार संबंधित लोगों से संपर्क किया, लेकिन समाधान नहीं हुआ।
युवक के मुताबिक, उसने इस मामले को लेकर कई बार पुलिस से भी शिकायत की थी। शिकायतों के बावजूद रकम वापस नहीं मिलने और समस्या का समाधान नहीं होने से वह काफी परेशान था। इसी के चलते सोमवार को वह कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचा और अचानक अपने ऊपर डीजल डालकर आत्मदाह की कोशिश की।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल युवक को काबू में लिया और उसके हाथ से डीजल हटाया। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस ने युवक से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में युवक द्वारा लगाए गए आरोपों और रुपये के लेन-देन की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्ट्रेट परिसर में युवक ने डीजल डालकर आत्मदाह की कोशिश, मचा हड़कंप
👁 30.8K views





