फतेहपुर। जिले में खलिहान की जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने महिलाओं के साथ मिलकर दूसरे पक्ष की महिलाओं पर हमला बोल दिया। महिलाओं को दौड़ा-दौड़ाकर लात-घूंसों और डंडों से बेरहमी से पीटा गया। मारपीट की इस घटना में कई महिलाओं को चोटें आई हैं।
पूरा मामला ललौली थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव का है। जानकारी के मुताबिक, खलिहान की जमीन पर कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने 11 नवंबर को हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने महिलाओं को निशाना बनाते हुए उनके साथ मारपीट की। हमलावरों ने महिलाओं को दौड़ाकर लात-घूंसों और डंडों से पीटा, जिससे कई महिलाएं घायल हो गईं।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन परिवार का आरोप है कि कई दिन बीत जाने के बाद भी उनकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई हुई।
पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं होने के कारण वह डरा-सहमा हुआ है। परिवार को आशंका है कि आरोपी पक्ष दोबारा उनके साथ मारपीट कर सकता है।
अब पीड़ित परिवार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय और सुरक्षा की मांग कर रहा है। सवाल यह है कि सार्वजनिक उपयोग की खलिहान भूमि को लेकर हुए विवाद में महिलाओं के साथ मारपीट के आरोपों पर पुलिस कब संज्ञान लेगी और पीड़ित परिवार को कब न्याय मिलेगा?
फिलहाल मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।







