फतेहपुर, 02 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर फतेहपुर स्थित ग्राम सेवा संस्थान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स ने पहुंचकर चरखा चलाया और स्वदेशी, आत्मनिर्भरता तथा खादी को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
जिलाधिकारी ने ग्राम सेवा संस्थान परिसर में खादी से निर्मित उत्पादों तथा ग्रामोद्योग से जुड़ी विभिन्न वस्तुओं का अवलोकन किया। उन्होंने संस्थान में कार्यरत कर्मचारियों एवं संबंधित लोगों से संवाद कर उनके कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने खादी एवं ग्रामोद्योग को और अधिक बढ़ावा देने के उपायों पर भी चर्चा की।
जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वदेशी और आत्मनिर्भरता को देश की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार माना था। स्थानीय स्तर पर निर्मित खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने खादी के प्रति समर्थन अभियान में हस्ताक्षर कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। उन्होंने संस्थान में तैयार किए जा रहे उत्पादों की गुणवत्ता और उनके प्रचार-प्रसार से जुड़े विषयों की भी जानकारी ली।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), संस्था के अध्यक्ष, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी फतेहपुर, वरिष्ठ सहायक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में गांधी जी के स्वदेशी, ग्राम स्वराज और आत्मनिर्भरता के विचारों को आगे बढ़ाने तथा खादी एवं ग्रामोद्योग को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया।
Trending Now
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने चरखा चलाकर दिया स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का संदेश
👁 28.9K views





