फतेहपुर:जिला कारागार में कैदियों के भागने की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जा रहा है। जेल प्रशासन द्वारा अब बाउंड्रीवाल के चारों ओर करीब 700 मीटर तक ब्लेड वायर कंटीले तार लगाए गए हैं। इसके साथ ही इन तारों में इलेक्ट्रिक करंट भी प्रवाहित किया जाएगा, ताकि कोई भी कैदी दीवार पर चढ़ने की कोशिश न कर सके।
प्रशासन के मुताबिक, यदि कोई व्यक्ति इन तारों के संपर्क में आता है तो उसे हल्का करंट लगेगा और तुरंत अलार्म बज उठेगा। इससे जेल प्रशासन सतर्क हो जाएगा और समय रहते कार्रवाई की जा सकेगी।
जेल में वर्तमान समय में करीब 771 बंदी विभिन्न अपराधों में निरुद्ध हैं। सुरक्षा के लिहाज से पहले भी दिन-रात दो-दो वार्डरों की ड्यूटी लगाई जाती रही है, लेकिन हाल के दिनों में अन्य जिलों की जेलों से कैदियों के भागने की घटनाओं के बाद फतेहपुर जेल प्रशासन ने यह कदम उठाया है।
बताया जा रहा है कि डीजीपी के निर्देश पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में बाउंड्रीवाल पर ब्लेड वायर के साथ इलेक्ट्रिक वायर भी लगाए जा रहे हैं। इससे न केवल कैदियों के भागने की संभावना कम होगी, बल्कि जेल परिसर में सुरक्षा का स्तर भी बढ़ेगा।
कार्यवाहक जेल अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि हाल ही में अन्य जिलों की जेलों से कैदियों के भागने की घटनाएं सामने आई थीं। इन्हीं को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। बाउंड्रीवाल पर लगाए जा रहे तारों में करंट की व्यवस्था की जा रही है, जिससे सुरक्षा और अधिक मजबूत होगी और किसी भी प्रकार की अनहोनी को रोका जा सकेगा।






