फतेहपुर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर हथगांव थाना क्षेत्र के अखरी गांव में ट्रिपल मर्डर के मामले में जेल में बंद गैंगस्टर अभियुक्त सुरेश सिंह उर्फ मुन्नू सिंह और ममता देवी के नाम दर्ज भूमि को पुलिस ने कुर्क कर लिया।
जानकारी के अनुसार, गाटा संख्या 130 (अ और ब) में दर्ज लगभग 1.300 हेक्टेयर भूमि को जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन में कुर्क किया गया। मौके पर पुलिस ने बोर्ड लगाकर जमीन को कुर्क किए जाने की सार्वजनिक सूचना भी दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पप्पू सिंह आदि से जुड़े ट्रिपल मर्डर मामले के आरोपी गैंगस्टर सुरेश सिंह उर्फ मुन्नू सिंह की पत्नी के नाम दर्ज भूमि को नियमानुसार कुर्क किया गया है।
पुलिस ने लाउडस्पीकर के माध्यम से ग्रामीणों को स्पष्ट चेतावनी दी कि कुर्क की गई जमीन खाली रहेगी। इस पर किसी भी प्रकार की फसल की बुवाई या खेती नहीं की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति जमीन पर खेती करने के उद्देश्य से ट्रैक्टर चलाता है या अन्य गतिविधि करता है तो ट्रैक्टर जब्त करने के साथ संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
कुर्की की कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी थरियांव दुर्गेश सिंह दीप, वरिष्ठ उप निरीक्षक आलोक तिवारी, तहसीलदार खागा पीयूष सिंह, संबंधित लेखपाल अनुपम कुमार सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। इस दौरान गांव के लोग भी मौके पर उपस्थित रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों और उनके नेटवर्क को लेकर सख्त संदेश दिया गया है।







