फतेहपुर/चांदपुर। जनपद के चांदपुर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता रश्मि देवी निवासी ग्राम पहाड़पुर (बडिगवां), थाना चांदपुर ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि 12 जून 2026 की रात करीब 12 बजे उसके पति ज्ञानेंद्र उर्फ जानेंद्र ने गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों तथा डंडे से मारपीट की। पीड़िता के अनुसार, उसके सिर में पहले से गंभीर चोट है और उसका उपचार कानपुर के अस्पताल में चल रहा है। सिर के ऑपरेशन के लिए धनराशि की आवश्यकता थी, जिसको लेकर विवाद बढ़ गया।
रिपोर्ट के अनुसार, विवाह के समय मायके पक्ष द्वारा नगद 10 लाख रुपये सहित अन्य गृहस्थी का सामान दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद पति और दहेज की मांग करता रहा। आरोप है कि पति ने 2 लाख रुपये और लाने का दबाव बनाया तथा रकम न मिलने पर लगातार मारपीट करने और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक राय साहब यादव को सौंपी है।






