फतेहपुर जनपद में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा ललौली थाना क्षेत्र के मेवली मोड़ के पास हुआ, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी युवक किसी कार्यक्रम में निमंत्रण खाकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। देर रात होने के कारण सड़क पर रोशनी कम थी। इसी दौरान मेवली मोड़ पर दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगाया था। टक्कर के कारण सभी के सिर में गंभीर चोट आई, जो उनकी मौत का मुख्य कारण बनी। दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया। जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवक की हालत नाजुक होने पर इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।








