फतेहपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर इलाके में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान बुजुर्ग महिला की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
मिली जानकारी के अनुसार, जोनिहा निवासी बुजुर्ग महिला बरगदी देवी के कंधे और पैर की हड्डी टूट जाने के बाद उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में महिला का सही तरीके से इलाज नहीं किया गया, जिससे उनकी हालत बिगड़ती चली गई।
परिजनों ने बताया कि अस्पताल में महिला को दो यूनिट ब्लड चढ़ाया गया, जिसके लिए करीब 16 हजार रुपये भी लिए गए। इसके बावजूद महिला की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और आखिरकार उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजन भड़क उठे और अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि डॉक्टर की लापरवाही और गलत इलाज के चलते ही महिला की जान गई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह परिजनों को शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।






