फतेहपुर से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ पूर्व सैनिकों के इलाज के लिए बनाए जा रहे ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक भवन को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि यह भवन नगर पालिका की अवैध भूमि और फतेहपुर–भिटौरा रोड की स्थायी जमीन पर नियमों को ताक पर रखकर बनाया जा रहा है। पूर्व सैनिकों ने जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग की है।
फतेहपुर जनपद में पूर्व सैनिकों के इलाज के लिए प्रस्तावित ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक भवन अब विवादों में आ गया है। पूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति ने आरोप लगाया है कि जिस भूमि पर पॉलीक्लिनिक का निर्माण किया जा रहा है, वह न तो विधिवत आवंटित है और न ही रोड साइड लैंड कंट्रोल एक्ट के नियमों का पालन किया गया है। समिति का कहना है कि पहले जिस भूमि का आवंटन पॉलीक्लिनिक के लिए किया गया था, उस पर नगर पालिका द्वारा अटल बिहारी वाजपेई पार्क का निर्माण कर दिया गया। इसके बाद बिना वैकल्पिक भूमि आवंटन के ही प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग द्वारा फतेहपुर–भिटौरा राजमार्ग से सटी जमीन पर भवन निर्माण शुरू कर दिया गया। पूर्व सैनिकों का आरोप है कि यह निर्माण न केवल नगर पालिका की भूमि पर अतिक्रमण है, बल्कि भविष्य में सड़क चौड़ीकरण की जद में भी आ सकता है, जिससे पॉलीक्लिनिक भवन को नुकसान होने की आशंका है। समिति ने साफ कहा है कि प्रशासन आम नागरिकों के अवैध निर्माण पर तुरंत कार्रवाई करता है, लेकिन यहां नियमों की अनदेखी की जा रही है।








