फतेहपुर। जिले में लगातार हुई बारिश से किसानों को हुए नुकसान और अन्य समस्याओं को लेकर अपना दल (एस) ने आवाज उठाई है। पार्टी के जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र पटेल के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित किसानों को तत्काल राहत और मुआवजा दिलाए जाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि बारिश के कारण जिले के कई क्षेत्रों में केला, धान और हरी सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। अपना दल (एस) ने मांग की कि प्रभावित गांवों और खेतों का तत्काल सर्वे कराया जाए तथा नुकसान का आकलन कर पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
पार्टी पदाधिकारियों ने आपदा राहत के तहत पीड़ित किसानों को आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ जरूरतमंद किसानों को फसल की दोबारा बुआई के लिए बीज और खाद उपलब्ध कराने की मांग भी की। उनका कहना है कि समय रहते किसानों को सहायता नहीं मिली तो आगामी फसल की तैयारी प्रभावित हो सकती है।
ज्ञापन में बारिश से क्षतिग्रस्त हुए मकानों का भी सर्वे कराने और प्रभावित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा बारिश के बाद पशुओं में बीमारी फैलने की आशंका को देखते हुए गांव-गांव टीकाकरण शिविर आयोजित कराने की अपील की गई।
अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र पटेल ने प्रशासन से किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेकर जल्द कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों और ग्रामीण परिवारों को राहत पहुंचाना जरूरी है, ताकि उन्हें आर्थिक नुकसान से उबरने में मदद मिल सके।
Trending Now
फतेहपुर किसानों की समस्याओं को लेकर अपना दल (एस) ने उठाई आवाज, डीएम को सौंपा ज्ञापन
👁 13.2K views





