उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मकबरा- मंदिर विवाद के दौरान हुई तोड़फोड़ के गंभीर मामले की सीएम योगी आदित्यनाथ ने रिपोर्ट तलब की है। इसके बाद से अफसरों में हड़कंप मचा हुआ। सूत्रों का दावा है कि जांच टीम ने इस मामले में विवादित भूमि की लगभग 75 पेज की रिपोर्ट तैयार की है। रिपोर्ट में खासकर गाटा संख्या 753 पर बने मकबरे पर विशेष फोकस किया गया है। साथ ही पूरी घटना का जिक्र किया गया है।
753 गाटा संख्या मकबरा मंगी के नाम है दर्ज
सूत्रों का दावा है कि सदर कोतवाली क्षेत्र के अबूनगर रेडय्या में गाटा संख्या 753 पर नवाब अब्दुल समद मकबरा बना है। मकबरे में भाजपाइयों के साथ अन्य हिंदू संगठनों ने ठाकुरद्वारा मंदिर होने का दावा करते हुए डीएम को शिकायती पत्र देकर पूजा-अर्चना करने की बात कही थी। इसके बाद जिला प्रशासन ने मामले की गंभीरता को लेकर मकबरे के 100 मीटर के दायरे में बैरिकेडिंग लगाकर भारी पुलिस बल तैनात किया था।
बावजूद इसके विगत 11 अगस्त को भाजपाई और हिंदू संगठनों के सैकड़ो लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में बैरिकेडिंग तोड़कर मकबरे में घुसकर भगवा फहराने के बाद तोड़फोड़ की थी। उधर मामले की जानकारी मिलते ही डीएम रविन्द्र सिंह और एसपी अनूप कुमार सिंह के साथ मौके पर पहुंचे अफसरों ने पुलिस बल की मदद से स्थिति को काबू में किया।जिसके बाद जिले में माहौल तनावपूर्ण हो गया था। फिलहाल शांति है।
राजस्व की टीम ने लगभग 75 पेज की तैयार की जांच रिपोर्ट
मामले में सीएम योगी ने 753 गाटा संख्या की बेशकीमती जमीन पर बने बने मकबरे की पूरी रिपोर्ट प्रयागराज मण्डल के कमिश्नर को भेजी गई है। सीएम के रिपोर्ट तलब करने की सूचना पर जिला प्रशासन के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। अति संवेदनशील इस मामले में भूमि के अभिलेखों की जांच पड़ताल करने के लिए 3 एडीएम रैंक व 4 एसडीएम 2 तहसीलदार व 3 नायब तहसीलदार समेत 10 अधिकरियो के साथ 15 लेखपालों को लगाया गया था। प्रकरण में जांच टीम ने करीब 75 पेज की रिपोर्ट तैयार कर मंडलायुक्त को सौंप दी है।
प्रयागराज मण्डल के कमिश्नर सीएम को भेजेंगे रिपोर्ट
यह रिपोर्ट कमिश्नर के माध्यम से सीएम को भेजी जाएगी। जांच में यह गाटा कब बना और इससे पहले इस गाटे की संख्या क्या थी आदि बिंदुओं को शामिल किया गया है।मौजूदा समय में इस गाटा संख्या में तकरीबन 11 बीघे भूमि है। इसका स्वामित्व मकबरा मंगी के मुतवल्ली अनीस नामक व्यक्ति के नाम दर्ज है।
मलिकाना हक और वक्फ बोर्ड के अभिलेखों में विसंगतियां
बतादें कि, वर्तमान में उक्त गाटा संख्या मकबरा मंगी के नाम 11 बीघे भूमि दर्ज है, लेकिन वक्फ बोर्ड में मकबरे के पास केवल 15 बिस्वा जमीन ही है, जांच में जमीन के मालिकाना हक और वक्फ बोर्ड के दस्तावेजों में विसंगतियां पाई गई हैं। जांच में इस बात पर विशेष फोकस किया गया है। जांच रिपोर्ट के बाद शासन के निर्णय पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।







