फतेहपुर। सनातन धर्म के सर्वोच्च मार्गदर्शक स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की पावन ‘गविष्ठ यात्रा’ (गो रक्षा यात्रा) का बुधवार को फतेहपुर जनपद में ऐतिहासिक और भव्य आगमन हुआ। अयाह शाह विधानसभा क्षेत्र के बहुआ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सुजानपुर में यात्रा पहुंचते ही पूरा क्षेत्र “जय गोमाता” और सनातन धर्म के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम की स्वागताध्यक्ष, ग्राम प्रधान एवं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल (पूर्व विधानसभा प्रत्याशी) के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों और महिलाओं ने शंकराचार्य महाराज का भव्य स्वागत किया। इस दौरान पुष्पवर्षा कर श्रद्धाभाव व्यक्त किया गया। हेमलता पटेल ने अपने पति धर्मेंद्र कुमार के साथ शंकराचार्य जी को भगवान शिव की दिव्य प्रतिमा भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
सुजानपुर स्थित बारातशाला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाराज जी के दर्शन और आशीर्वचन प्राप्त करने पहुंचे। इस अवसर पर शंकराचार्य जी ने हेमलता पटेल पर विश्वास जताते हुए उन्हें संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र में गौरक्षा मिशन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी। इसके अंतर्गत सर्वसहयोग से गौधाम निर्माण तथा गौरक्षा संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का दायित्व दिया गया।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए शंकराचार्य महाराज ने कहा कि गोमाता की रक्षा और संरक्षण प्रत्येक सनातनी का परम कर्तव्य है। उनके आह्वान पर उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं ने गौरक्षा का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अनुशासित एवं कुशल संचालन के लिए संतों एवं क्षेत्रवासियों ने ग्राम प्रधान हेमलता पटेल की विशेष सराहना की। साथ ही जनहित कार्यों के लिए शंकराचार्य जी ने उन्हें आशीर्वाद भी प्रदान किया। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए शरबत, ठंडा पानी और नाश्ते की विशेष व्यवस्था की गई थी।
इस अवसर पर गविष्ठ यात्रा के जिला प्रभारी शिवाकांत तिवारी, उदित अवस्थी, धर्मेंद्र कुमार, मोहित वर्मा, सत्यम, सुमन, रानी, मधु, शनी, संयोगिता, पिंकी, रेखा, सुधा, राजरानी, दाताराम, शिवम, मुकुल, उत्कर्ष सहित गुलाबी गैंग की मातृशक्ति एवं भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सुजानपुर में आस्था की अलख जगाने के बाद दो दिवसीय गविष्ठ यात्रा अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना हो गई। यात्रा गाजीपुर, जागेश्वर मंदिर और सरकी होते हुए खागा एवं हुसैनगंज क्षेत्रों की ओर बढ़ी, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शंकराचार्य जी का जोरदार स्वागत किया। यात्रा जनपद की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर गौरक्षा और सनातन संस्कृति का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी।






