फतेहपुर। जनपद के राधानगर थाना क्षेत्र स्थित खुशवक्त राय नगर में एक महिला ने घर में जबरन घुसकर मारपीट करने, लोहे की रॉड से हमला कर सिर फोड़ने, पुत्रवधू के साथ अभद्रता करने और तमंचा दिखाकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता अरुणा शुक्ला के अनुसार, एक नवंबर की दोपहर उनके परिवार में आपसी विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान उनके बड़े पुत्र की पत्नी ने अपने मायके पक्ष के लोगों को फोन कर बुला लिया। दोपहर करीब ढाई बजे कई लोग कथित तौर पर जबरन मुख्य गेट खोलकर घर के अंदर घुस आए और उनके छोटे पुत्र के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता का आरोप है कि जब वह अपने पुत्र को बचाने पहुंचीं तो एक व्यक्ति ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और खून बहने लगा। शिकायत में पुत्रवधू के हाथ से मोबाइल छीनकर तोड़ने और उसके कपड़े फाड़ने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद परिवार ने पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना दी।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि थाने में शिकायत करने जाते समय आरोपियों ने रास्ते में फिर रोककर तमंचा दिखाया और शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच, गिरफ्तारी और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।






