फतेहपुर। जिले में रविवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। शहर के नऊवाबाग इलाके में प्रयागराज रोड पर नेशनल हाईवे-2 पर तेज रफ्तार ट्रक ने जिम जाने के लिए घर से निकले तीन युवकों को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि तीनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि मृतकों के घरों में चीख-पुकार और मातम छा गया।
जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक रोज की तरह सुबह जिम जाने के लिए अपने घरों से निकले थे। इसी दौरान सदर कोतवाली क्षेत्र के नऊवाबाग में प्रयागराज रोड पर पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे जाते समय तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान स्पर्श गौतम (19), अनुज पाल (19) और विश्वेश पटेल के रूप में हुई है। स्पर्श गौतम शहर के चित्रांश नगर का निवासी था, जबकि अनुज पाल विष्णुपुरी कॉलोनी में रहता था। वहीं विश्वेश पटेल तांबेश्वर मंदिर के पास का निवासी बताया गया है। तीनों अलग-अलग मोहल्लों के रहने वाले थे, लेकिन आपस में गहरी दोस्ती थी। रोजाना की तरह एक साथ जिम जाने के लिए निकले इन दोस्तों की जिंदगी का सफर सड़क हादसे में हमेशा के लिए थम गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। हादसे में शामिल ट्रक और उसके चालक की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
तीन नौजवानों की एक साथ मौत की खबर जैसे ही उनके परिवारों और परिचितों तक पहुंची, घरों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिन युवकों ने सुबह घर से जिम जाने के लिए कदम निकाले थे, उनके वापस न लौटने की खबर ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया।
फिलहाल पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।







