
फतेहपुर, 17 सितंबर। जिलेभर में भगवान विश्वकर्मा जयंती श्रद्धा, आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। शहर से लेकर विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों, सरकारी विभागों, फैक्ट्रियों और कार्यस्थलों तक भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा का स्मरण करते हुए सुख-समृद्धि, व्यापार में उन्नति और कार्यों में सफलता की कामना की।
शहर के विश्वकर्मा मंदिर में स्वजातीय समाज के लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। भगवान विश्वकर्मा को माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया गया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया। पूजा के बाद प्रसाद वितरण और कई स्थानों पर भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर शहर में भगवान विश्वकर्मा की भव्य रथयात्रा भी निकाली गई। रथयात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों और मार्गों से होकर गुजरी। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने रथयात्रा का स्वागत किया और भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की। रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
वहीं फतेहपुर स्वर्णकार संघ के तत्वावधान में चौक स्थित हजारी लाल फाटक में भी भगवान विश्वकर्मा जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में भगवान विश्वकर्मा का विधि-विधान से पूजन, माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन किया गया। स्वर्णकार समाज के सदस्यों ने अपने पारंपरिक औजारों की पूजा की। समाज के लोगों ने भगवान विश्वकर्मा से अपने व्यापार, कला-कौशल और कार्यक्षेत्र में उन्नति तथा परिवार में सुख-समृद्धि की कामना की।
पूजन कार्यक्रम के बाद महाआरती का आयोजन हुआ और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर स्वर्णकार संघ के जिलाध्यक्ष बृजेश सोनी ने समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए शिक्षा, सामाजिक उत्थान और समाज के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में रामदास सर्राफ, मयंक सोनी, मनीष सोनी, दीपक सोनी, संजय जौहरी सहित बड़ी संख्या में स्वर्णकार समाज के लोग मौजूद रहे।
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर जिले के फैक्ट्री एवं कल-कारखानों में भी विशेष आयोजन हुए। विद्युत विभाग, मैकेनिकल टूल्स, जलकर, लघु सिंचाई, ट्रांसपोर्ट प्रतिष्ठानों, पुलिस लाइन और फायर स्टेशन समेत विभिन्न स्थानों पर भगवान विश्वकर्मा की पूजा की गई। कर्मचारियों और अधिकारियों ने अपने कार्यस्थलों पर मशीनों, औजारों और उपकरणों की पूजा-अर्चना कर सुरक्षित एवं सफल कार्य की कामना की।
पूरे जिले में दिनभर विश्वकर्मा जयंती को लेकर उत्साह का माहौल रहा। धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक एकजुटता और पारंपरिक कारीगरी से जुड़े औजारों के प्रति सम्मान भी देखने को मिला।







