फतेहपुर। होली और रमजान के पवित्र पर्व को देखते हुए फतेहपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के नेतृत्व में शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस और पीएसी के सैकड़ों जवान मौजूद रहे। शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल मार्च कर लोगों को सुरक्षा का संदेश दिया गया। कई स्थानों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की गई, ताकि हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके।
एसपी अनूप कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि होली के मद्देनजर फिलहाल किसी भी मस्जिद को ढकने जैसी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता शांति और सौहार्द बनाए रखना है। किसी भी तरह की अफवाह या असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने सभी समुदायों से अपील करते हुए कहा कि होली और रमजान दोनों ही भाईचारे और सौहार्द के प्रतीक हैं। सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें।
फिलहाल संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी जारी है। त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है, जिससे आमजन खुद को सुरक्षित महसूस कर सके।








