फतेहपुर। जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब Reliance Jio के एक मोबाइल टॉवर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते टॉवर का केबिन धूं-धूं कर जलने लगा और आग की लपटें तेज़ी से फैल गईं।
मौके पर मौजूद टेक्नीशियन ने हालात को संभालने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से भड़क चुकी थी कि वह खुद को सुरक्षित रखते हुए किसी तरह नीचे उतर आया और आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, तब तक केबिन का अधिकांश हिस्सा जल चुका था।
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। घटना के बाद आसपास के इलाकों में Jio का नेटवर्क पूरी तरह से ठप हो गया, जिससे लोगों को कॉल और इंटरनेट सेवाओं में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन घटना ने टॉवर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।






