फतेहपुर। बड़े मंगल के पावन अवसर पर सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के छह सदस्यों ने मंगलवार को मानस रक्तकेंद्र पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान किया और समाज को मानव सेवा का संदेश दिया। रक्तदान करने वालों में गुरमीत सिंह ने 48वीं बार, दिग्विजय ने 20वीं बार, शुभम कुमार ने 9वीं बार, अमन चौरसिया एवं दिव्यांश पाण्डेय ने 8-8वीं बार तथा शिवम ने पहली बार रक्तदान किया।
रक्तदान के उपरांत मानस रक्तकेंद्र के प्रभारी अमन यादव ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के शोभित सिंह, वर्तिका सहित मानस रक्तकेंद्र के अनामिका पाल और विष्णु भी मौजूद रहे।
मानस रक्तकेंद्र के प्रभारी अमन यादव ने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि बड़े मंगल के पावन अवसर पर किया गया यह रक्तदान समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि 48 बार रक्तदान कर चुके गुरमीत सिंह और 20वीं बार रक्तदान करने वाले दिग्विजय जैसे रक्तवीर मानवता की सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन लगातार जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आ रहा है, जो सराहनीय है।
इस अवसर पर युवाओं को जागरूक करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं की रगों में दौड़ता रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान बन सकता है। रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों और डर को छोड़कर प्रत्येक स्वस्थ युवा को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। रक्तदान न केवल किसी की जान बचाता है, बल्कि यह समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।
“रक्तदान महादान है, जो किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम बनता है।”






