बागपत जिले के रमाला थाना क्षेत्र के बरवाला गांव में शुक्रवार को सास-बहू के विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। इस झगड़े में दोनों ओर से पांच लोग घायल हो गए, जिनका इलाज सीएचसी बड़ौत में कराया गया। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों पक्षों से पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर जनपद के गोयला गांव निवासी श्रीपाल की बेटी संजना की शादी बरवाला गांव के राहुल से हुई थी। गुरुवार सुबह संजना और उसकी सास उषा के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि संजना ने अपने मायके वालों को बुला लिया। खबर लगते ही मायके पक्ष के लोग बरवाला गांव पहुंचे और दोनों परिवारों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। झगड़े के दौरान दोनों ओर से लाठी-डंडों का प्रयोग किया गया, जिससे पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि जिस गाड़ी से संजना का मायके पक्ष गांव पहुंचा था, उस वाहन में भी तोड़फोड़ की गई। गाड़ी के शीशे टूटने की शिकायत भी पीड़ित पक्ष ने पुलिस से की है। घटना की जानकारी मिलते ही रमाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही पुलिस ने मारपीट करने वाले पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वही सास-बहू के विवाद से शुरू हुआ मामला पूरे परिवारों की लड़ाई में तब्दील हो गया, जिससे गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया। फिलहाल दोनो पक्षो के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है ।
Trending Now
बागपत – सास-बहू विवाद में भिड़े मायके और ससुराल पक्ष, मारपीट का वीडियो वायरल








