फतेहपुर। बीमा और ईनाम का लालच देकर लोगों से रकम जमा कराने और बाद में पैसा वापस न करने का आरोप सामने आया है। शनिवार को बड़ी संख्या में पीड़ित आबूनगर स्थित श्रीराम कंपनी के कार्यालय पहुंचे और अपनी जमा रकम वापस करने की मांग को लेकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर आबूनगर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
पीड़ितों का आरोप है कि कंपनी की ओर से पहले कूपन देकर ईनाम का लालच दिया गया और इसके बाद करीब 30-30 हजार रुपये जमा कराकर बीमा कराने की बात कही गई। लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ बच्चों की पढ़ाई, नौकरी और अन्य खर्च उपलब्ध कराने का भी भरोसा दिलाए जाने का आरोप है।
पीड़ितों के मुताबिक बाद में जब उन्होंने अपनी जमा रकम वापस मांगी तो कथित तौर पर रकम लौटाने से इनकार कर दिया गया। इससे नाराज लोग शनिवार को कंपनी के कार्यालय पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही आबूनगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस कुछ लोगों को आबूनगर चौकी ले गई, जहां दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर मामला शांत कराने का प्रयास किया गया।
फिलहाल पीड़ित अपनी जमा रकम वापस किए जाने की मांग पर अड़े हैं। पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। आरोपों की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Trending Now
बीमा और ईनाम का लालच देकर रकम जमा कराने का आरोप, पैसा वापस मांगने पहुंचे लोगों ने किया हंगामा
👁 12.9K views







