फतेहपुर जिले के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बसंती खेड़ा गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सुबह खेत में एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने की सूचना फैली। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि मृतक की पहचान विमल प्रजापति उर्फ बड़कू के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह बीते दिन देर शाम घर से निकले थे, लेकिन रात भर वापस नहीं लौटे। सुबह खेत में उनका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
ग्रामीणों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, वहीं परिजन किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।






